भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी सामाजिक विविधता है: डॉ. अर्चना गुप्ता

पानीपत में सैनी सभा ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का किया भव्य स्वागत

                                                                             पानीपत में सैनी सभा ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का किया भव्य स्वागत
पानीपत, 14 जून। पानीपत स्थित एमजेआर संस्थान में सैनी सभा द्वारा हरियाणा भाजपा की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के सम्मान में एक भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के गणमान्य व्यक्तियों, महिलाओं, युवाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। समारोह के दौरान सैनी समाज के प्रतिनिधियों ने फूल-मालाओं और स्मृति चिन्ह भेंट कर डॉ. गुप्ता का गर्मजोशी से स्वागत किया।इस अवसर पर मेयर कोमल सैनी, चेयरमैन गुलाब सिंह सैनी, भाजपा प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. पवन सैनी, सूचना आयुक्त कर्मवीर सैनी, अक्षिता सैनी, डॉ. रामपाल सैनी, चेयरमैन गुरूनाम सैनी तथा चेयरमैन रमेश सैनी सहित अनेक प्रमुख सामाजिक एवं राजनीतिक हस्तियां उपस्थित रहीं।अपने संबोधन में डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी सामाजिक विविधता है। देश के विभिन्न समाज, वर्ग और समुदाय अपनी परंपराओं, संस्कृतियों तथा कार्यशैली के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" के मंत्र पर कार्य कर रही है और प्रत्येक समाज को सम्मान तथा अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति सदैव एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश देती रही है। देश की स्वतंत्रता से लेकर कृषि, शिक्षा, उद्योग, सुरक्षा और सामाजिक विकास तक हर वर्ग ने अपनी अहम भूमिका निभाई है। डॉ. गुप्ता ने समाज के लोगों से आपसी सहयोग और राष्ट्रहित की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि जब समाज संगठित होकर कार्य करता है तो विकास की गति और तेज होती है तथा देश नई ऊंचाइयों को प्राप्त करता है।डॉ. अर्चना गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसी योजनाओं ने देश को नई दिशा दी है और करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है।

उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और मध्यम वर्ग के कल्याण के लिए प्रभावी कदम उठाए हैं।प्रदेश अध्यक्ष ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बिना किसी भेदभाव के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, महिला सुरक्षा और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं।कार्यक्रम के अंत में डॉ. अर्चना गुप्ता ने युवाओं से विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश के विकास में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी आवश्यक है और सामूहिक प्रयासों से ही विकसित भारत का सपना साकार होगा।
                                          संकलन अरूण पाण्डेय पूर्व समूह संपादक हरियाणा हैरिटेज